डेस्क न्यूज़
27 May, 2026
अन्य
नीमच। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को जिला कांग्रेस एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस द्वारा गांधी भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने कई वर्षों तक जेल में रहकर देश की सेवा की और अपना पूरा जीवन राष्ट्र के नाम समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश विभाजन, आर्थिक संकट और संसाधनों की कमी जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन नेहरू जी ने मजबूत नेतृत्व देकर भारत को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया।
तरुण बाहेती ने कहा कि नेहरू जी ने देश में बड़े बांध, उद्योग और विकास परियोजनाओं की नींव रखी। गांधी सागर डेम और चंबल परियोजना जैसी योजनाएं उनकी दूरदृष्टि का परिणाम हैं, जिनसे आज भी लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। साथ ही गुटनिरपेक्ष आंदोलन के माध्यम से उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की अलग पहचान स्थापित की।
वहीं शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोनु लोक्स ने कहा कि नेहरू जी बच्चों से बेहद प्रेम करते थे, इसलिए उनके जन्मदिन को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि नेहरू जी के नेतृत्व में भारत ने औद्योगिक, वैज्ञानिक और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्श और विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को उनसे सीख लेने की आवश्यकता है।