डेस्क न्यूज़
20 May, 2026
अन्य
नीमच । सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोरखेड़ी पानेरी में बांछड़ा समाज की 22 वर्षीय युवती की जहरीला पदार्थ सेवन करने से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरखेड़ी पानेरी निवासी रीया पिता गोवर्धन बांछड़ा ने मंगलवार शाम खेत पर किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि युवती ने स्वयं अपने परिजनों को जहरीला पदार्थ सेवन करने की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के लोग उसे तुरंत उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब 4:45 बजे युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार शुरू किया गया। हालांकि हालत गंभीर होने के चलते उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बुधवार सुबह पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी तथा डॉक्टरों के पैनल के समक्ष शव का पोस्टमार्टम करवाया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। पुलिस परिजनों एवं संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।