डेस्क न्यूज
17 May, 2026
प्रशासनिक
नीमच। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य सुचारू रूप से जारी है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में संचालित 31 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 9,162 किसानों से 4,80,511.1 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। जिला आपूर्ति अधिकारी आर.एन. दिवाकर के अनुसार, उपार्जित कुल मात्रा में से 4,76,970.3 क्विंटल गेहूं परिवहन के लिए तैयार है, जबकि 4,56,691.8 क्विंटल गेहूं का परिवहन पूर्ण हो चुका है, जो कुल उपार्जन का लगभग 96 प्रतिशत है। जिले के 12 उपार्जन केंद्रों पर 100 प्रतिशत परिवहन कार्य पूरा हो चुका है। उपार्जित गेहूं के एवज में किसानों को समर्थन मूल्य और स्टेट बोनस मिलाकर कुल 1,26,13,39,273 रुपये की राशि देय है, जिसमें से अब तक 1,02,15,72,456 रुपये का भुगतान किसानों के बैंक खातों में किया जा चुका है, जो औसतन 86 प्रतिशत से अधिक है। शेष किसानों को भुगतान की प्रक्रिया जारी है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा उपार्जन, परिवहन और भुगतान कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है और सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा समय-सीमा में शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया जाए।