डेस्क न्यूज़
15 May, 2026
अन्य
भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हादसे से प्रभावित सभी नागरिकों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव नई दिल्ली से सीधे इंदौर पहुंचे और अन्य कार्यक्रम निरस्त कर सबसे पहले घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चोइथराम अस्पताल पहुंचकर भर्ती घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने एमवाय अस्पताल पहुंचकर वहां भर्ती घायलों से भी भेंट की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हादसे की जानकारी मिलते ही देवास जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए थे। साथ ही इंदौर में भर्ती घायलों के उपचार पर विशेष ध्यान देने को कहा था।
राज्य सरकार की ओर से हादसे में मृत नागरिकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है, जबकि सभी घायलों का निःशुल्क इलाज कराया जाएगा।