ताजासमाचार

नीमच फ्रूट मार्केट में खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश, 6 दुकानों से 11 नमूने लिए;आम पकाने के तरीकों पर खाद्य सुरक्षा टीम की नजर

डेस्क न्यूज 08 May, 2026 प्रशासनिक

नीमच। फलों को केमिकल से पकाने की आशंकाओं के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को सब्जी मंडी फ्रूट मार्केट में बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कार्रवाई के दौरान आम और तरबूज सहित कुल 11 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और अपर कलेक्टर बीएस कलेश के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में टीम ने विशेष रूप से फलों को पकाने में प्रतिबंधित कार्बाइड के उपयोग की जांच की। राहत की बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित कार्बाइड का उपयोग नहीं पाया गया। अधिकारियों के अनुसार आम पकाने के लिए FSSAI अनुमोदित एथिलीन रिपेनर का उपयोग किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर तरबूज का प्राथमिक परीक्षण भी किया। इसके अलावा वारिस फ्रूट मर्चेंट, चंदेल फ्रूट कंपनी, अनवर हुसैन एंड ब्रदर्स, शहंशाह-ए-हिन्द फ्रूट कंपनी, आनंद फ्रूट कंपनी और अतीक फ्रूट कंपनी सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से आम, पपीता और तरबूज के नमूने लिए गए।
जांच के लिए लिए गए सभी 11 नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है, जहां उनकी विस्तृत जांच की जाएगी।
अभिहित अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यापारी द्वारा प्रतिबंधित रसायनों का उपयोग पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post