डेस्क न्यूज़
03 May, 2026
अन्य
नीमच । मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने दो अलग-अलग ऑपरेशनों में तस्करों के मंसूबों पर जोरदार प्रहार किया है। संयुक्त कार्रवाई में कुल 1621.530 किलो डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) जब्त किया गया है, साथ ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस बड़ी सफलता के बाद ड्रग तस्करी के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
पहला मामला उदयपुर का है, जहां सीबीएन नीमच और सीबीएन उदयपुर की संयुक्त टीम ने उदयपुर-अहमदाबाद बायपास पर देर रात घेराबंदी कर एक टाटा ट्रक को रोका। तलाशी में ट्रक में चूने की बोरियों के नीचे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया 204.130 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रक सहित माल जब्त कर लिया गया।
दूसरा बड़ा खुलासा जावरा में हुआ, जहां सीबीएन नीमच की टीम ने मंदसौर-जीरापुर हाईवे पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में डोडाचूरा पकड़ा। यहां तस्करों ने स्लेट पेंसिल के माल की आड़ में 1417.400 किलो डोडाचूरा छिपाकर रखा था। टीम ने ट्रक को रोककर तलाशी ली और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दोनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है। सीबीएन अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस बड़ी कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि ड्रग तस्करी के खिलाफ एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं और नशामुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर लगातार अभियान तेज किया जा रहा है।