डेस्क न्यूज़
01 May, 2026
अन्य
मंदसौर। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। तस्कर एम्बुलेंस जैसे वाहन का इस्तेमाल कर करीब 4 क्विंटल अवैध डोडाचूरा लेकर जा रहे थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते उनके मंसूबे नाकाम हो गए।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन व बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी सीतामऊ के मार्गदर्शन में थाना सीतामऊ पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली।
घटना का पूरा घटनाक्रम:
30 अप्रैल और 1 मई 2026 की दरमियानी रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक इनोवा (एम्बुलेंस) में अवैध डोडाचूरा भरकर मंदसौर-सीतामऊ रोड से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बालाजी फैक्ट्री के सामने घेराबंदी की।
कुछ देर बाद कच्चे रास्ते से आती एक संदिग्ध इनोवा कार (एम्बुलेंस) दिखाई दी। पुलिस ने जैसे ही वाहन रोकने का प्रयास किया, चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति ने गाड़ी रोककर भागने की कोशिश की। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस को डराने के लिए हवाई फायर कर दिया।
पुलिस टीम ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए पीछा किया और एक आरोपी को मौके से दबोच लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार और फरार आरोपी:
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम रूपाराम पिता कृष्णराम विश्नोई (27 वर्ष), निवासी बाड़मेर (राजस्थान) बताया।
वहीं फरार आरोपी की पहचान अशोक पिता आईजीराम माली, निवासी बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है।
जप्त सामग्री:
22 कट्टों में भरा लगभग 4 क्विंटल डोडाचूरा (कीमत करीब 6 लाख रुपए)
एक देसी पिस्टल
2 जिंदा राउंड और 1 चला हुआ राउंड का खोखा
बिना नंबर की इनोवा कार (एम्बुलेंस)
अलग-अलग नंबर की 4 डुप्लीकेट नंबर प्लेट
एक एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत लगभग 10 हजार रुपए)
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/15, आर्म्स एक्ट 25/27 और बीएनएस की धारा 125 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ में पुलिस अब डोडाचूरा के स्रोत और इसके नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना सीतामऊ प्रभारी निरीक्षक कमलेश प्रजापति और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।