ताजासमाचार

मुख्यमंत्री के 'सिंगल क्लिक' से खिले एमपी के लाखों चेहरे, सीएम ने ट्रांसफर किए पेंशन के 200 करोड़

डेस्क न्यूज़ 29 April, 2026 प्रशासनिक

भोपाल। मध्यप्रदेश के लाखों बुजुर्गों, दिव्यांगों और निराश्रितों के लिए बुधवार की सुबह खुशियों वाली रही। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक क्लिक के जरिए प्रदेश के 33 लाख से ज्यादा पेंशनभोगियों के खातों में 200.71 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर कर दी। इस कदम से न केवल लाभार्थियों के आर्थिक संघर्षों को राहत मिली है, बल्कि उनके चेहरों पर सुकून भरी मुस्कान भी लौट आई है।

भरोसे का हस्तांतरण है यह राशि
हितग्राहियों को वर्चुअली संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की यह पेंशन महज एक आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उनके प्रति राज्य के 'विश्वास' का हस्तांतरण है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "यह राशि इस बात का प्रतीक है कि सरकार हर परिस्थिति में अपने नागरिकों के साथ खड़ी है। हमारा संकल्प है कि समाज की अंतिम पंक्ति में बैठा व्यक्ति कभी खुद को असहाय महसूस न करे।"

सम्मान के साथ जीने का सहारा
डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार कमजोर वर्गों को आत्मसम्मान के साथ जीने की प्रेरणा देना चाहती है। उन्होंने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में सामाजिक सुरक्षा के लिए 2,857 करोड़ रुपये का भारी-भरकम प्रावधान रखा गया है, ताकि किसी भी जरूरतमंद की पेंशन में बाधा न आए।

किसे कितना मिला लाभ?
अधिकारियों के अनुसार, आज के इस मेगा ट्रांसफर से कुल 33,45,231 लोग लाभान्वित हुए हैं। इनमें शामिल हैं:
32.05 लाख से अधिक: वृद्धजन, कल्याणी (विधवा), परित्यक्ता और अविवाहित महिलाएं।
77,120: मानसिक रूप से अविकसित और दिव्यांग जन।
62,594: कन्या अभिभावक पेंशन के लाभार्थी।
सभी पात्र हितग्राहियों को 600 रुपये प्रति माह की दर से भुगतान किया गया है। सरकार का दावा है कि इस पारदर्शिता और तकनीक आधारित व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका खत्म हो गई है और पैसा सीधे हकदार की जेब तक पहुँच रहा है।

Related Post