ताजासमाचार

30 अप्रैल को मनासा में होगा रोमांचक नृसिंह लीला मंचन, हजारों भक्त होंगे शामिल

डेस्क न्यूज़ 29 April, 2026 अन्य

मनासा (नीमच)। नगर के प्रसिद्ध नगर नायक बडी विशाल मंदिर पर 30 अप्रैल, गुरुवार को नृसिंह चतुर्दशी के अवसर पर भव्य और रोमांचक नृसिंह लीला का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को देखने और भगवान के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर परिसर में जुटने की संभावना है।

मंदिर पुजारी पंडित जुगनू जी ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष नृसिंह चतुर्दशी पर इस लीला का आयोजन पारंपरिक रूप से किया जाता है। विशेष रूप से नृसिंह जयंती की संध्या पर, जब दिन और रात का संधिकाल होता है, उस समय इस लीला का मंचन किया जाता है।

लीला के दौरान भगवान नृसिंह का पात्र निभाने वाले कलाकार की मंत्रोच्चार के साथ पूजा की जाती है और उन्हें खंभ (कोठी) में स्थापित किया जाता है। वहीं, हिरण्यकश्यप का पात्र निभाने वाला कलाकार मंदिर की सीढ़ियों पर कई बार दौड़ लगाता है। निर्धारित समय पर खंभ से भगवान नृसिंह प्रकट होते हैं और हिरण्यकश्यप का वध करते हैं।

इस अद्भुत दृश्य के बाद भगवान नृसिंह की आरती की जाती है और भक्तों को दर्शन दिए जाते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी यह आयोजन श्रद्धा, आस्था और रोमांच का अनूठा संगम बनेगा।

Related Post