डेस्क न्यूज़
23 April, 2026
अन्य
नीमच। जावद थाना क्षेत्र के ग्राम रूपपुरा में एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने खुशियों से गूंजते घर को पलभर में मातम में बदल दिया। 34 वर्षीय कांताबाई पति कैलाश चंद भील की बुधवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जिस घर में दो दिन बाद बेटे की बारात निकलने वाली थी, उसी घर से अब मां की अर्थी उठी—यह दृश्य जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।
बताया जा रहा है कि कांताबाई अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल से शादी की खरीदारी करने मोरवन गई थीं। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका था और हर कोने में खुशियों की हलचल थी। मां अपने बेटे की शादी को लेकर बेहद उत्साहित थीं और हर छोटी-बड़ी तैयारी खुद देख रही थीं।
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। खरीदारी कर मां-बेटा जब वापस गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कांताबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनका बेटा भी चोटिल हुआ।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन शाम करीब 7:15 बजे कांताबाई जिंदगी की जंग हार गईं। यह खबर जैसे ही गांव पहुंची, खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब कांताबाई का पार्थिव शरीर गांव लाया गया, तो हर आंख नम थी। जिस आंगन में शहनाइयों की गूंज सुनाई देने वाली थी, वहां सन्नाटा पसरा था। जिस मां ने बेटे की बारात के सपने सजाए थे, वह अपने बेटे की दुल्हन देखने से पहले ही दुनिया छोड़ गई।
गांव में हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है। लोग यही कह रहे हैं—“भगवान ऐसा दिन किसी को न दिखाए।” खुशियों से भरा घर एक ही झटके में उजड़ गया और एक बेटे की जिंदगी का सबसे बड़ा दिन अब हमेशा के लिए दर्द की याद बन गया।