ताजासमाचार

जनसुनवाई में सख्ती: एसपी अंकित जायसवाल ने 14 CM हेल्पलाइन शिकायतें मौके पर निपटाईं, 35 मामलों पर दिए त्वरित निर्देश

द वाॅचमेन पोस्ट 21 April, 2026 प्रशासनिक

नीमच। जिले में आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आया। मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
शिविर का आयोजन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशों के तहत किया गया, जिसमें लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष फोकस रहा। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 14 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद किया गया।
जनसुनवाई में करीब 35 आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मुद्दे और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। एसपी जायसवाल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को शीघ्र और निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकिता सिंह सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Post