ताजासमाचार

श्मशान भूमि पर कब्जा ! अतिक्रमण हटाने को लेकर उपसरपंच ने सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज़ 21 April, 2026 अन्य

नीमच | जिले के ग्राम विशन्या में श्मशान भूमि पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्राम पंचायत की ओर से इस गंभीर समस्या को उठाते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की गई है। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार गांव के श्मशान परिसर की सर्वे नंबर 155 और 158 की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इतना ही नहीं, अतिक्रमण करने वाले उसी परिसर में पशु भी बांध रहे हैं, जिससे स्थल की पवित्रता और व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

पंचायत का कहना है कि इस मामले में पहले भी तहसील कार्यालय द्वारा दो बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं और बेदखली के आदेश भी पारित हुए, लेकिन इसके बावजूद अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

वहीं शासन के निर्देशानुसार दिसंबर 2026 तक श्मशान परिसर में तार फेंसिंग, वृक्षारोपण और अन्य विकास कार्य किए जाने हैं, लेकिन अतिक्रमण के चलते ये कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्राम पंचायत विशन्या के उपसरपंच पदम सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाकर श्मशान भूमि को मुक्त कराया जाए, ताकि विकास कार्य समय पर पूरे हो सकें और ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

Related Post