डेस्क न्यूज़
18 April, 2026
अन्य
नीमच। जिले के मेधावी विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नीमच का नाम प्रदेशभर में रोशन किया है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले इन होनहार छात्रों का उत्साह बढ़ाने के लिए विधायक दिलीप सिंह परिहार ने एक सराहनीय पहल करते हुए उनके घर पहुंचकर सम्मान किया। इस दौरान विद्यार्थियों और उनके परिजनों में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला।
विधायक परिहार ने कहा कि यह सफलता सिर्फ विद्यार्थियों की नहीं, बल्कि उनके परिवार, शिक्षकों और पूरे नीमच विधानसभा क्षेत्र की उपलब्धि है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर तक के छात्रों ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।
ग्राम तेलनखेड़ी की निवासी और सांदीपनि विद्यालय की छात्रा कु. प्रियांशी राठौर ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में 5वां स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है। विधायक ने उनके घर पहुंचकर माला पहनाकर सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके प्रोत्साहन हेतु ₹11,000 की राशि प्रदान करने की घोषणा की।
इसी क्रम में ग्वाल टोली निवासी उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र प्रमोद मेघवाल ने कक्षा 12वीं कॉमर्स संकाय में प्रदेश स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त कर शानदार उपलब्धि दर्ज की। विधायक ने उनके घर पहुंचकर उनका अभिनंदन किया और उन्हें भी ₹11,000 की सम्मान राशि देने की स्वीकृति दी।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, दीपक नागदा, सरपंच राजा कैथवास, लोकेश चांगल, गोटू अजमेरा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य हेमंत हरित, लाला सफ़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान परिजनों की भावनाएं भी देखने लायक थीं। विधायक को अपने बीच पाकर परिवारजन भावुक हो उठे और इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की भावना स्पष्ट रूप से नजर आई।
यह पहल न केवल मेधावी विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धा को भी नई दिशा देने वाली साबित हो रही है।