ताजासमाचार

नीमच का मेरिट पर कब्जा: 10वीं में 3 और 12वीं में 1 छात्र टॉप-10 में, बेटियों का रहा दबदबा

डेस्क न्यूज 15 April, 2026 प्रशासनिक

नीमच। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा 15 अप्रैल को घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में नीमच जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले के 10वीं के तीन और 12वीं के एक छात्र ने टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
कक्षा 10वीं में शासकीय सांदीपनि विद्यालय की छात्रा प्रियांशी राठौर ने 495 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 5वां स्थान हासिल किया। वहीं जिनेंद्र एजुकेशन एकेडमी, सिंगोली की प्रांजल सोनी और विजडम पब्लिक स्कूल, नीमच की मंतशा गौरी ने 490-490 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से 10वां स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 12वीं में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के वाणिज्य संकाय के छात्र प्रमोद मेघवाल ने 483 अंक के साथ प्रदेश में 8वां स्थान प्राप्त किया।
जिला शिक्षा विभाग के सहायक संचालक मनोज जैन के अनुसार कक्षा 10वीं का कुल परीक्षा परिणाम 83.40 प्रतिशत रहा, जिसमें शासकीय विद्यालयों का परिणाम 90.21 प्रतिशत और निजी विद्यालयों का 72.56 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं कक्षा 12वीं का कुल परिणाम 87.36 प्रतिशत रहा, जिसमें शासकीय विद्यालयों का 90.46 प्रतिशत और निजी विद्यालयों का 81.89 प्रतिशत परिणाम रहा।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जिलेभर में खुशी का माहौल है। शिक्षा विभाग, शिक्षकों और अभिभावकों ने इसे छात्रों की मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम बताया है। यह सफलता दर्शाती है कि नीमच के विद्यार्थी सीमित संसाधनों में भी बड़े लक्ष्य हासिल करने की क्षमता रखते हैं।

Related Post