डेस्क न्यूज
14 April, 2026
अन्य
नीमच। जिले के समीप स्थित ग्राम जमुनिया खुर्द में मंगलवार 14 अप्रैल 2026 को परंपरा अनुसार बालाजी महाराज का हवन, अभिषेक एवं खेड़ा देवता पूजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। गांव की सुख-शांति, समृद्धि और पशुओं को बीमारियों से बचाने की कामना के साथ यह आयोजन हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजित किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे खेड़ा देवता पूजन से हुई, जो करीब 9 बजे तक चला। इसके बाद बालाजी महाराज का विधिवत अभिषेक किया गया। अभिषेक के पवित्र जल का पूरे गांव में छिड़काव किया गया, जिससे रोग-व्याधियों से मुक्ति की कामना की गई। पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ हवन और पूजन संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर बालाजी महाराज को चोला चढ़ाकर आकर्षक श्रृंगार किया गया। पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि पूरे गांव ने एक दिन के लिए पारंपरिक ‘लोकडाउन’ का पालन किया। ग्रामीण अपने-अपने खेत, खलिहान और कुओं पर पहुंचे, जहां दाल-बाटी बनाकर सामूहिक रूप से उत्सव मनाया गया।
गांव के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे आयोजन को हर्षोल्लास के साथ सफल बनाया। जमुनिया खुर्द में इस आयोजन के जरिए आस्था, परंपरा और सामूहिक एकता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।