द वॉचमेन पोस्ट
08 April, 2026
प्रशासनिक
नीमच। जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर और अपर कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर में संचालित दो डेयरियों पर आकस्मिक निरीक्षण कर 10 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए।
अभिहित अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा ने टीम के साथ मानसा रोड स्थित इंदिरा नगर में संचालित ऊषा डेयरी और एमआई-15 न्यू इंदिरा नगर स्थित श्री चारभुजा दुग्ध डेयरी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से घी, मावा, भैंस का दूध, दही और पनीर के कुल 10 सैंपल लिए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजा गया है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के निर्माण और विक्रय को सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिले में इस तरह के आकस्मिक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।