ताजासमाचार

गांधीसागर डूब क्षेत्र में अवैध रेत पर बड़ा एक्शन, 15 डंपर स्टॉक जब्त, नीमच प्रशासन की सख्ती—डूब क्षेत्र में जमा अवैध रेत पर छापा

द वॉचमेन पोस्ट 07 April, 2026 प्रशासनिक

नीमच। जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गांधीसागर डूब क्षेत्र में अवैध रूप से जमा किए गए रेत के बड़े स्टॉक पर छापेमारी कर करीब 15 डंपर रेत जब्त की गई है।
यह कार्रवाई कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन और एडीएम बी.एस. कलेश के मार्गदर्शन में की गई। एसडीएम किरण आंजना के नेतृत्व में तहसीलदार मनासा मुकेश निगम और नायब तहसीलदार कुकडेश्वर नवीन छलोत्रे की टीम ने मनासा तहसील के ग्राम खानखेड़ी स्थित जीरो प्वाइंट क्षेत्र में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान सामने आया कि गांधीसागर के बैक वॉटर क्षेत्र में अवैध खनन कर बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण किया गया था। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर करीब 15 डंपर रेत के स्टॉक को जब्त कर लिया। इसके लिए 2 जेसीबी और डंपरों की मदद से रेत को हटाकर सुरक्षित स्थान पर डंप कराया गया।
कार्रवाई के दौरान जिला खनिज अधिकारी गजेंद्र डाबर भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब्त रेत के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और अवैध खनन पर आगे भी सख्ती जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से रेत माफिया में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Post