डेस्क न्यूज़
07 April, 2026
अन्य
नीमच। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08 गणपति नगर में शासकीय चरनोत भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर वार्डवासियों में भारी आक्रोश है। मंगलवार को रहवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार, गणेश मंदिर के समीप करीब 2 बीघा शासकीय भूमि पर बाहरी लोगों द्वारा लगातार कब्जे की कोशिश की जा रही है। आरोप है कि कुछ लोगों ने टीन शेड लगाकर लगभग 25×200 वर्गफीट क्षेत्र में अतिक्रमण किया था। विरोध के बाद टीन शेड तो हटा दिए गए, लेकिन अब पत्थर डालकर दोबारा कब्जा करने का प्रयास जारी है।
रहवासियों ने बताया कि 27 मार्च 2026 को राजू ग्वाला द्वारा उक्त भूमि पर कब्जा किया गया था। विरोध होने पर उसने टीन शेड हटा लिए, लेकिन अब फिर से जमीन पर पत्थर डालकर अतिक्रमण की कोशिश की जा रही है। खास बात यह है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा जमीन खरीदने का दावा किया जा रहा है, जबकि उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं।
इसके अलावा, प्रदीप चौधरी और रणजीत सिंह पंवार द्वारा भी मंदिर के सामने और पीछे सीढ़ियां बनाकर अतिक्रमण किए जाने का आरोप है, जिससे आम रास्ता बाधित हो रहा है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।