डेस्क न्यूज़
07 April, 2026
अन्य
नीमच। जिले में एक महिला की कृषि भूमि पर दबंगई और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। ग्राम फोफल्या टप्पा निवासी संगीता बाई ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन देकर अपनी फसल निकालने में बाधा और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है।
पीड़िता के अनुसार उसकी कृषि भूमि सर्वे नंबर 20, 17 और 21 पर स्थित है, जहां गेहूं की फसल तैयार होकर कट चुकी है। जब वह थ्रेशर मशीन से फसल निकलवा रही थी, तभी गांव के कुछ लोगों ने जबरन रास्ता रोक दिया और फसल निकालने से मना कर दिया।
संगीता बाई ने आरोप लगाया कि लीलाराम, उदयराम और संदीप सहित अन्य लोगों ने दबंगई दिखाते हुए न केवल रास्ता अवरुद्ध किया, बल्कि बिजली मोटर और कनेक्शन का भी अवैध उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भूमि को लेकर मामला पहले से ही राजस्व और सिविल न्यायालय में लंबित है, इसके बावजूद लगातार परेशान किया जा रहा है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि पिछले एक वर्ष से वह और उसका परिवार प्रताड़ना झेल रहा है। आरोपियों द्वारा गाली-गलौज कर मारपीट की धमकी दी जा रही है, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है। वहीं फसल नहीं निकाल पाने से आर्थिक नुकसान की आशंका भी बनी हुई है।
महिला ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कटी हुई फसल को सुरक्षित निकलवाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है।