ताजासमाचार

नीमच में अनोखा विरोध : कार्रवाई नहीं होने से परेशान फरियादी लंगड़ाते-उछलते पहुंचा जनसुनवाई

डेस्क न्यूज़ 07 April, 2026 अन्य

नीमच। कलेक्टर जनसुनवाई में मंगलवार को एक अनोखा विरोध देखने को मिला, जब रतनगढ़ निवासी चांदमल पिता नंदराम चारण अपनी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर लंगड़ाते और उछलते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। खास बात यह रही कि उसके दोनों पैर स्वस्थ हैं, बावजूद इसके उसने प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए यह अनोखा तरीका अपनाया।
जानकारी के अनुसार, चांदमल चारण लंबे समय से ग्राम अलोरी/गरवाड़ा क्षेत्र की शासकीय गोचर भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहा है। उसने कई बार जनसुनवाई में ज्ञापन देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही केलाशचंद चारण एवं उनके परिवार द्वारा करीब 10,000 वर्गफीट सरकारी चरागाह भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया गया है।
पीड़ित का कहना है कि उक्त भूमि पहले पशुओं के चरने के लिए उपयोग में आती थी, लेकिन अब अतिक्रमण के चलते ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित विभागों को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
चांदमल चारण ने बताया कि लगातार अनदेखी से परेशान होकर उसने यह अनोखा तरीका अपनाया, ताकि प्रशासन का ध्यान उसकी समस्या की ओर जाए। जनसुनवाई में उसने अधिकारियों के सामने अपनी पीड़ा रखते हुए अतिक्रमण हटाने की मांग दोहराई।
इस अनोखे विरोध ने जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Related Post