डेस्क न्यूज़
01 April, 2026
प्रशासनिक
नीमच। जिले में बहुप्रतीक्षित अफीम तौल कार्य का आगाज हो गया है। 1 अप्रैल से मालखेड़ा स्थित तौल केंद्र पर पहले चरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसमें करीब 6 हजार किसानों की उपज का आकलन किया जाएगा।
पहले ही दिन 20 गांवों के 225 किसान अपनी अफीम लेकर केंद्र पहुंचे, जहां विभागीय टीम द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत तौल किया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार रोजाना 15 से 20 गांवों के 400 से 450 किसानों की अफीम तौली जाएगी।
तौल केंद्र पर किसानों की सुविधा के लिए पंडाल, बैठने की व्यवस्था, कूलर-पंखे और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। वहीं सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात है और पूरे परिसर में सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है।
प्रारंभिक तौल में अफीम की गुणवत्ता बेहतर बताई जा रही है और मॉर्फिन प्रतिशत भी अच्छा आने की उम्मीद है, जिससे किसानों में उत्साह है।
हालांकि झरड़ों की संख्या को लेकर कुछ किसानों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि ज्यादा ग्रेडिंग से उपज में कटौती बढ़ सकती है। इस पर विभाग का कहना है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह वैज्ञानिक और पारदर्शी है।
पूरी तौल प्रक्रिया सख्त निगरानी और तय मानकों के तहत की जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।