ताजासमाचार

महाअष्टमी पर भादवा माता धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने की पदयात्रा, रातभर चला भव्य हवन

डेस्क न्यूज़ 27 March, 2026 अन्य

नीमच | मालवा–मेवाड़ की वैष्णो देवी के रूप में प्रसिद्ध महामाया भादवा माता मंदिर में महाअष्टमी के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत जनसैलाब उमड़ पड़ा।

हजारों श्रद्धालु नीमच, मनासा और आसपास के क्षेत्रों से पैदल यात्रा करते हुए माता के दरबार पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुबह से ही पदयात्रियों का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर रात तक लगातार जारी रहा। “जय माता दी” के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा और हर तरफ भक्ति का माहौल देखने को मिला।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नीमच–मनासा मार्ग पर जगह-जगह सामाजिक संगठनों और सेवाभावी नागरिकों द्वारा स्वागत स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर जल, साबूदाना खिचड़ी, आइसक्रीम और मीठा दूध सहित विभिन्न प्रकार की प्रसादी वितरित की गई, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिली। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में 60 से अधिक सेवा स्टॉल लगाए गए।

महाअष्टमी का मुख्य आकर्षण रात्रि में आयोजित भव्य हवन रहा। यह हवन रात 10:30 बजे शुभ मुहूर्त में शुरू हुआ और पूरी रात चलता रहा। ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजे हवन की पूर्णाहुति के साथ महाआरती की गई और इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर परिसर में इस दौरान भक्ति और आध्यात्मिकता का विशेष वातावरण बना रहा।

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने एक दिन पूर्व ही मेला परिसर का निरीक्षण कर पार्किंग, यातायात, दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया था।

मेले में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग कॉरिडोर बनाए गए थे। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा पॉइंट स्थापित कर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सके।

वहीं सेवा भाव की मिसाल भी देखने को मिली। नगर पालिका कर्मचारी संघ नीमच द्वारा जेतपुरा फंटे के पास आइसक्रीम और शीतल जल का स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

जिला कांग्रेस ने अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में गिरदौड़ा मार्ग पर स्वल्पाहार की व्यवस्था की, जो शाम से देर रात तक संचालित रही। इसके अलावा शिक्षक संघ, अग्रवाल समाज सहित अन्य संगठनों ने भी श्रद्धालुओं के लिए सेवा कार्य किए।

इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन के साथ ही चैत्र नवरात्रि मेले का समापन श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। 

Related Post