ताजासमाचार

नीमच केंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई ! महाराणा बंगला चोरी कांड का खुलासा, लाखों का मश्रुका बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

न्यूज डेस्क 22 March, 2026 अन्य

नीमच। जिले में चोरी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नीमच केंट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महाराणा बंगला क्षेत्र स्थित एक दुकान में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मश्रुका एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में की गई।

घटना का पूरा विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी मोहम्मद रफीक पिता कमरुद्दीन कुरैशी, निवासी राजीव नगर नीमच, महाराणा बंगला स्थित जारोली कॉम्प्लेक्स में “आर.के. ट्रेडर्स” नाम से एल्युमिनियम सेक्शन की दुकान संचालित करते हैं। 9 मार्च 2026 को शाम करीब 5 बजे वे रोजा होने के कारण दुकान बंद कर घर चले गए थे।

अगले दिन 10 मार्च को सुबह करीब 11:30 बजे जब वे दुकान पर पहुंचे तो देखा कि शटर का एक ताला टूटा हुआ था और शटर को उठाकर अंदर प्रवेश किया गया था। दुकान के अंदर जाकर देखने पर करीब 750 किलोग्राम एल्युमिनियम सेक्शन (प्रत्येक 15 फीट लंबाई के 15 बंडल), एक हिटाची कंपनी का हैंड कटर, अन्य सामग्री तथा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर गायब मिला।
इस पर थाना नीमच केंट में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 131/2026 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस की कार्रवाई और खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान 18 मार्च 2026 को आरोपी साहिल पिता शहजाद पठान (उम्र 21 वर्ष), निवासी भगवानपुरा चौराहा, नीमच सिटी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी नासिर उर्फ शाहरूख पिता आरिफ खान, निवासी स्कीम नंबर 09 नीमच के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी को वैधानिक कार्यवाही के बाद 21 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

जप्त मश्रुका
लगभग 750 किलोग्राम एल्युमिनियम सेक्शन (अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये)
घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल

एक आरोपी अभी भी फरार
मामले में दूसरा आरोपी नासिर उर्फ शाहरूख फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।

इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक शिवलाल कलमी एवं थाना नीमच केंट की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
यह कार्रवाई न सिर्फ चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि अपराधियों के लिए कड़ा संदेश भी है कि कानून से बच पाना आसान नहीं।

Related Post