न्यूज डेस्क
19 March, 2026
अन्य
नीमच। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा जिलेभर में 9 दिवसीय साधात्मक अनुष्ठान का श्रद्धा और भक्ति के साथ शुभारंभ किया गया। जिले के विभिन्न प्रज्ञा संस्थानों में एक साथ चल रहे इस आयोजन में बड़ी संख्या में साधक परिजन उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
अनुष्ठान के अंतर्गत साधकों द्वारा 24 हजार एवं सवा लाख गायत्री मंत्र जप के संकल्प लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही नवरात्रि साधना काल में गायत्री मंत्र लेखन, स्वाध्याय और आत्मचिंतन जैसे आध्यात्मिक कार्यक्रमों का क्रम भी जारी है, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है।
गायत्री शक्तिपीठ नीमच में 19 मार्च को प्रातःकालीन आरती के बाद विधिवत घट स्थापना कर अनुष्ठान की शुरुआत की गई। इसके पश्चात सुबह 8 बजे पंचकुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान जन्मशताब्दी वर्ष साधना के अंतर्गत साधकों को विशेष संकल्प भी दिलवाए गए।
यज्ञ के साथ ही नामकरण, अन्नप्राशन एवं जन्मदिन जैसे विभिन्न संस्कारों का आयोजन भी किया गया, जिनके माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया गया।
जिले की नीमच, जावद, मनासा, रामपुरा, जीरन और सिंगोली तहसीलों में स्थित प्रज्ञा संस्थानों में भी इसी प्रकार के साधनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़कर व्यक्ति, परिवार और राष्ट्र निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है।