ताजासमाचार

सीएम राइज विद्यालय नीमच में 15 लाख की आधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ, अहमदाबाद के NGO के सहयोग से मिला नया आयाम

डेस्क न्यूज 19 March, 2026 अन्य

नीमच। शासकीय सांदीपनि (सीएम राइज) विद्यालय, नीमच में छात्राओं के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए करीब 15 लाख रुपए की लागत से विभिन्न आधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ गरिमामय तरीके से किया गया। यह पहल अहमदाबाद स्थित NGO ‘युवा अनस्टोपेबल’ द्वारा की गई, जिसे पंजाब नेशनल बैंक हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने वित्तीय सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय को मिली नई सुविधाओं में डिजिटल स्मार्ट क्लास, 10 किलोवाट हाईब्रिड सोलर पैनल, 4 बालिका शौचालय एवं 10 यूरिनल्स, किचन शेड, STEM लैब, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, शुद्ध पेयजल यूनिट और डिशवॉशिंग यूनिट शामिल हैं। इन सुविधाओं से छात्राओं को आधुनिक, सुरक्षित और स्वच्छ शिक्षा का वातावरण मिलेगा और STEM लैब व स्मार्ट क्लास से नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में छात्राओं ने राजस्थानी लोकनृत्य “घणी खम्मा” प्रस्तुत कर उत्साह और उल्लास का माहौल बनाया।
प्राचार्य के.एस. जैन ने NGO प्रतिनिधि अभिषेक जायसवाल, पदम सिंह राजपुरोहित तथा बैंक सहयोगियों मुकेश शर्मा, अर्जुन शर्मा, श्याम और शैलेंद्र का सम्मान किया। प्राचार्य ने कहा कि यह पहल बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने और छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापिका मंजुला धीर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उप प्राचार्य महेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, छात्राएं और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे

Related Post