ताजासमाचार

मंदसौर में बड़ी कार्रवाई : केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने 217 किलो से अधिक पोस्त डोडा किया जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

डेस्क न्यूज 10 March, 2026 अन्य

मंदसौर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), मध्य प्रदेश इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 218 किलोग्राम अवैध पोस्त डोडा जब्त किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 07 मार्च 2026 को CBN अधिकारियों को विशिष्ट खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति बिना पंजीकरण वाले जॉन डियर ट्रैक्टर में अवैध CPS एवं पोस्त डोडा लेकर किसी तस्कर तक पहुंचाने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित कर ग्राम अम्बाव–बालागुड़ा मार्ग, तहसील मल्हारगढ़, जिला मंदसौर में निगरानी रखी गई।

निगरानी के दौरान संदिग्ध ट्रैक्टर को रोककर जांच की गई। सुरक्षा कारणों से वाहन को कार्यालय परिसर लाकर उसकी विस्तृत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रैक्टर से कुल 09 बोरों में भरा पोस्त डोडा (Poppy Capsules) बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 217.890 किलोग्राम पाया गया। इसमें 95.470 किलोग्राम CPS तथा 122.420 किलोग्राम लैंस्ड पोस्त डोडा शामिल है।

CBN अधिकारियों ने बरामद मादक पदार्थ और जॉन डियर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है तथा तीनों आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Post