ताजासमाचार

नीमच में नवकार सेवा संस्थान ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 100 बालिकाओं को सेनेटरी पैड वितरित कर स्वास्थ्य और स्वच्छता का संदेश दिया

डेस्क न्यूज 09 March, 2026 अन्य

नीमच। सेवा के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहने वाला श्री नवकार सेवा संस्थान, नीमच ने 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट बालिका छात्रावास की 100 बालिकाओं को सेनेटरी पैड वितरित कर स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। प्रत्येक बालिका को दो-दो पैकेट सेनेटरी पैड भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं को आइसक्रीम खिलाकर उनका मुँह मीठा कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की सदस्याओं द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुआ। छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना तथा नवकार महामंत्र का सामूहिक स्तुति पाठ किया, जिससे माहौल भक्तिमय बन गया।

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अंजू जैन ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला और कक्षा 12वीं की छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया। संस्था की संस्थापक अध्यक्ष कल्पना मोगरा ने संस्कारों से जुड़े रहने, परिवार की जिम्मेदारियों को समझने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

भूमिका जैन ने बालिकाओं को सेनेटरी पैड के सही उपयोग और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने की जानकारी दी। इसके बाद छात्राओं ने संगीत की धुन पर नृत्य कर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की खुशियां उत्साहपूर्वक मनाईं।

कार्यक्रम में संस्था की कला वीरवाल, पुष्पा वीरवाल, सरिता लसोड़, माया मेहता, मधु भामावत, ज्योति कच्छारा, हेमा बंबोरिया, भूमिका वीरवाल, सुशीला चोपड़ा, चंदा कोठारी, टीना सहलोत, संतरा वीरवाल, मधु राठौर, मंजू बोहरा, सुशीला भामावत, कृष्णा चेलावत, मीना दख, अंजना जैन, भावना चौधरी, कल्पना मोगरा सहित अन्य सदस्याएं और छात्रावास की दीपा वैष्णव उपस्थित रहीं। अंत में आभार सचिव भावना चौधरी ने व्यक्त किया।

Related Post