डेस्क न्यूज
09 March, 2026
अन्य
नीमच । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पालक महासंघ मध्यप्रदेश के बैनर तले जिला इकाई नीमच द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला पदाधिकारियों का सादे समारोह में सम्मान किया गया। इस दौरान जिला इकाई नीमच (महिला विंग) से जुड़ी उमा जैन, भावना कांठेड़, मंजु जोगनिया और श्वेता शर्मा एडवोकेट को सम्मान स्वरूप दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पालक संघ के पदाधिकारी लाक्षाकार एवं मिशन विश्व गुरु के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बालकृष्ण सोलंकी, सामाजिक कार्यकर्ता नवीन कुमार अग्रवाल, श्याम टांकवाल, शशि दुबे, पंडित कमल शर्मा, कपिल शुक्ला और अमृत पाटीदार कनावटी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पालक संघ जिला इकाई नीमच के जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए पिछले दो वर्षों से विभिन्न प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रकल्पों को गतिशील बनाने में महिला विंग की पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई है।
उन्होंने बताया कि पालक संघ के बैनर तले राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के तहत स्कूल बैग पॉलिसी 2020 का पालन कराने, निजी स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकों को लागू कराने, निजी शिक्षण संस्थानों में मनमानी फीस वृद्धि के विरोध में आवाज उठाने तथा बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ प्रशासन को अवगत कराने जैसे मुद्दों पर निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इसके अलावा जिला मुख्यालय नीमच में चार वर्षों से स्वीकृत सीएम राइज (सांदीपनि) स्कूल का निर्माण शुरू कराने की मांग को लेकर भी पिछले दो वर्षों से लगातार ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। पालक संघ के बैनर तले शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर प्रोत्साहन राशि, शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाते रहे हैं। साथ ही शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 परिसर में आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावकों के बच्चों के लिए तीन दिवसीय नि:शुल्क बुक एक्सचेंज मेला आयोजित करने में भी महिला विंग ने सक्रिय सहयोग दिया।
उक्त जानकारी पालक संघ जिला इकाई के मीडिया प्रभारी कपिल शुक्ला द्वारा प्रेस नोट के माध्यम से दी गई।