ताजासमाचार

कलेक्ट्रेट के गेट पर लापरवाही का फोरलेन: गहरे गड्ढे में फंसी कार, बड़ा हादसा टला

न्यूज डेस्क 06 March, 2026 अन्य

नीमच। शहर में चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी अब आम जन के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। निर्माण के दौरान सुरक्षा प्रावधानों के अभाव में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन निर्माण एजेंसी और ठेकेदार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

कलेक्टर कार्यालय के गेट पर हादसा
ताजा मामला आज नीमच कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट पर सामने आया। कार्यालय से बाहर निकलते ही एक कार अचानक सड़क किनारे खुदे लगभग दो फीट गहरे गड्ढे में जा उतरी। गनीमत रही कि कार की गति धीमी थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। कार के गड्ढे में फंसने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे निकालने का प्रयास किया गया।

ठेकेदार की बड़ी लापरवाही: बगैर पर्याप्त बैरिकेडिंग के खुदाई
मौके पर मौजूद स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर ठेकेदार की गलती है। निर्माण एजेंसी ने व्यस्त मार्ग और महत्वपूर्ण कार्यालय के द्वार पर बिना किसी बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड के ही गहरा गड्ढा खोदकर छोड़ दिया है। सड़क के बिल्कुल किनारे हुई इस खुदाई के कारण वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं मिल पा रहा है।

अधिकारियों की सुरक्षा पर भी सवाल
इस घटना ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा का विषय यह भी रहा कि जिस स्थान पर यह कार दुर्घटनाग्रस्त हुई, वहां से जिले के आला अधिकारी, आम नागरिक और vip के वाहन भी प्रतिदिन गुजरते हैं। उसके बावजूद जब कलेक्ट्रेट के द्वार पर ही इतनी बड़ी लापरवाही हो रही है तो सीटी फोरलेन की पूरी साइट पर लापरवाही के आलम का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।     

लगातार हो रही हैं दुर्घटनाएं
फोरलेन निर्माण की शुरुआत से ही सुरक्षा इंतजामों को लेकर शिकायतें मिल रही हैं। मार्ग पर कई स्थानों पर बिना सूचना के खुदाई कर दी गई है, जिससे रात के समय वाहन चालकों के लिए खतरा और भी बढ़ जाता है। नागरिकों ने मांग की है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए और सभी निर्माण स्थलों पर तत्काल बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


वहीं इस पूरी घटना पर कार चालक दिव्यांश ने ठेकेदार की लापरवाही बताते हुए कहा कि अगर आगे सड़क खुदी हुई है तो गेट को बंद करना चाहिए या फिर उचित बैरिकेडिंग लगानी चाहिए। वहां केवल एक रस्सी बांधी गई थी, जो खुल गई।
उन्होंने बताया कि गेट के पास सड़क ऊंची है और आगे अचानक गहरा गड्ढा है, इसलिए वाहन चलाते समय गड्ढा दिखाई नहीं दिया और कार उसमें जा फंसी। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन कार क्षतिग्रस्त हो गई।

Related Post