डेस्क न्यूज़
28 February, 2026
अन्य
नीमच। नीमच पुलिस की साइबर सेल ने धोखाधड़ी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए जनवरी और फरवरी 2026 में 10 शिकायतों में कुल 4 लाख 66 हजार 500 रुपये पीड़ितों के खातों में वापस करवाए हैं। यह राशि पेमेंट गेटवे, वॉलेट्स, ई-कॉमर्स वेबसाइट्स और न्यायालय के आदेश के माध्यम से रिफंड कराई गई।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर प्रभारी साइबर सेल प्रदीप शिंदे और उनकी टीम ने साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। दो माह के भीतर जहां 4.66 लाख रुपये रिफंड कराए गए, वहीं करीब 35 लाख रुपये की संदिग्ध राशि विभिन्न बैंक खातों में होल्ड भी कराई गई है। इन राशियों को पीड़ितों के खातों में वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024-25 में प्राप्त शिकायतों पर भी साइबर सेल ने तत्परता दिखाई थी। वर्ष 2025 में कुल 38 लाख रुपये की ठगी गई राशि आवेदकों के वास्तविक खातों में रिफंड कराई गई थी।
नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें या एनसीआरपी पोर्टल, नजदीकी पुलिस थाने अथवा साइबर सेल में संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। किसी लालच में न आएं, अनजान लिंक पर क्लिक न करें और सतर्क व जागरूक रहें।