डेस्क न्यूज
17 February, 2026
अन्य
नीमच। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर में मंगलवार दोपहर बदमाशों ने दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। दोपहर करीब 3 बजे बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने 64 वर्षीय बुजुर्ग महिला लीला देवी के गले से लगभग दो तोले वजनी सोने की चेन झपट ली और कुछ ही सेकंड में फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि लीला देवी अपने परिजन के घर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे। महिला कुछ समझ पातीं उससे पहले ही बदमाशों ने झपट्टा मारकर गले से चेन खींच ली। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं और शोर मचाया, लेकिन आरोपी पलक झपकते ही मौके से गायब हो चुके थे।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। क्षेत्रवासियों में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी देखने को मिला।
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध फुटेज सामने आने की बात कही जा रही है।
कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।