डेस्क न्यूज
11 February, 2026
अन्य
नीमच। सिंधी समाज के आराध्य वरुणदेव भगवान श्री झूलेलाल जी के 1076वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नीमच में दस दिवसीय चेट्रीचंड्र महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। पूज्य सिंधी पंचायत समिति नीमच के तत्वाधान में महोत्सव का शुभारंभ 15 फरवरी, रविवार को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री झूलेलाल जी की महाआरती के साथ होगा।
समिति के अध्यक्ष ‘मुखी’ ईश्वर आहूजा एवं महासचिव महेश वर्धानी ने बताया कि स्थानीय श्री भाग्येश्वर महादेव मंदिर स्थित समिति कार्यालय पर समाज की विभिन्न संस्थाओं, महिला संगठनों एवं वरिष्ठ समाजजनों की बैठक में सर्वसम्मति से महोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। आयोजन की रूपरेखा तय करते हुए चेट्रीचंड्र उत्सव समिति का गठन कर दायित्वों का विभाजन भी किया गया।
उत्सव समिति के प्रमुख एवं समिति संरक्षक मनोहर अर्जनानी ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 फरवरी को प्रथम महाआरती श्री भाग्येश्वर महादेव मंदिर स्थित श्री झूलेलाल मंदिर से आरंभ होगी। इसके बाद प्रत्येक रविवार सायं 6 बजे नगर के विभिन्न झूलेलाल मंदिरों में क्रमशः महाआरती और भजन-कीर्तन होंगे। 22 फरवरी को टीआईटी कॉलोनी, 1 मार्च को पूज्य श्री गुरुनानक देव गुरुद्वारा सिंधी पंचायत बघाना, 8 मार्च को तांगा अड्डा-जवाहर निवास तथा 15 मार्च को विकास नगर स्थित मंदिर में महाआरती आयोजित की जाएगी।
महोत्सव अंतर्गत 14 मार्च से प्रातः 10 बजे सात दिवसीय श्री पाठ साहब का शुभारंभ होगा। इसके साथ ही विशाल वाहन रैली और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
20 मार्च को मुख्य आयोजन होंगे, जिनमें भगवान श्री झूलेलाल जी का अभिषेक, ज्योत प्रज्वलन और भजन-कीर्तन के पश्चात सुसज्जित डोली में विराजित भगवान की भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण पर निकलेगी। शोभायात्रा भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक वैभव का अद्भुत संगम बनेगी। श्री भाग्येश्वर मंदिर पर भोग साहब, विशाल लंगर प्रसादी, ठंडाई वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण और सम्मान समारोह भी आयोजित होंगे। इस अवसर पर आकर्षक दरबार सजाया जाएगा, जहां श्रद्धालु दर्शन लाभ प्राप्त करेंगे।
दस दिवसीय चेट्रीचंड्र महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को लेकर सिंधी समाज में अभी से उत्साह और उमंग का माहौल है।