योगेश बैरागी
08 February, 2026
अन्य
नीमच। जिले के पालसोड़ा एवं भंवरासा क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसको लेकर प्रभावित किसानों ने शनिवार को क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे सांसद सुधीर गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर फसल बीमा और मुआवजे की मांग की।
किसानों ने बताया कि एक फरवरी को भंवरासा और पालसोड़ा क्षेत्र में अचानक हुई ओलावृष्टि के कारण अफीम सहित गेहूं, चना, सरसों और अन्य रबी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई किसानों के अफीम के प्लॉट पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं, जबकि अनेक प्लॉटों में फूल और डोडे बनना शुरू हो गए थे, जो ओलों की मार से टूटकर नीचे गिर गए। इससे अफीम काश्तकारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने मांग की कि फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। किसानों का कहना है कि फसल खराब होने से उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है और आगामी फसल की तैयारी को लेकर भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
किसानों ने सांसद से यह भी मांग की कि अफीम की क्षतिग्रस्त फसल से पोस्ता लेने की अनुमति दी जाए, ताकि उन्हें आंशिक राहत मिल सके। साथ ही अन्य फसलों में हुए नुकसान के लिए फसल बीमा और राजस्व मुआवजा अतिशीघ्र दिलवाया जाए।
इस अवसर पर पालसोड़ा, भंवरासा सहित आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने एकजुट होकर अपनी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं और शीघ्र राहत की उम्मीद जताई।