ताजासमाचार

किसान मुद्दों पर कांग्रेस का सड़क पर संघर्ष, नीमच में भाजपा सरकार के खिलाफ विशाल धरना

डेस्क न्यूज 08 February, 2026 अन्य

नीमच। जिले में हाल ही में हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों को हुए भारी नुकसान, फसल बीमा भुगतान में देरी, अफीम को फसल बीमा के दायरे में शामिल करने और मनरेगा से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी नीमच ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इन्हीं मांगों को लेकर रविवार 8 फरवरी को दोपहर 1:30 बजे से भारत माता (फॉर जीरो) चौराहा पर जिला स्तरीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि नीमच जिला ही नहीं, बल्कि पूरा प्रदेश किसान संकट से गुजर रहा है। हालिया ओलावृष्टि में गेहूं, चना, सरसों सहित कई फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो निष्पक्ष सर्वे कराया गया और न ही किसानों को राहत राशि दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की उदासीनता से अन्नदाता आर्थिक रूप से टूट चुका है।

फसल बीमा को लेकर कांग्रेस ने सरकार और बीमा कंपनियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। बाहेती ने कहा कि जिले के हजारों किसान महीनों से अपने बीमा क्लेम के लिए भटक रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी राशि खातों में नहीं पहुंची है। कांग्रेस की मांग है कि लंबित सभी फसल बीमा राशि तत्काल किसानों के बैंक खातों में जमा की जाए।

धरना-प्रदर्शन में अफीम किसानों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि नीमच क्षेत्र देश में अफीम उत्पादन का प्रमुख केंद्र होने के बावजूद अफीम की फसल को अब तक फसल बीमा योजना से बाहर रखा गया है। प्राकृतिक आपदाओं में अफीम काश्तकारों को हर वर्ष भारी नुकसान उठाना पड़ता है। कांग्रेस ने मांग की कि अफीम को भी फसल बीमा और राजस्व मुआवजे के दायरे में शामिल किया जाए।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बजट में कटौती और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम योजना से हटाने के प्रयास गरीबों और मजदूरों के रोजगार के अधिकार पर सीधा हमला हैं। उन्होंने मनरेगा को यथावत रखते हुए इसे और सशक्त बनाने की मांग दोहराई।

धरना-प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल, मध्यप्रदेश शासन भोपाल के नाम एक चार सूत्रीय मांग पत्र जिला प्रशासन के माध्यम से कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपा। ज्ञापन में ओलावृष्टि का तत्काल मुआवजा, फसल बीमा राशि का शीघ्र भुगतान, मनरेगा को कमजोर करने की साजिश पर रोक और अफीम फसल को बीमा सुरक्षा प्रदान करने की मांग शामिल रही। साथ ही जावद विधानसभा क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले से बच्चों की जान बचाते हुए शहीद हुई कंचन बाई को शहीद का दर्जा देने की मांग भी ज्ञापन में जोड़ी गई।

धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा, पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा सांभर, मधु बंसल, बृजेश मित्तल, हरीश दुआ, महेश वीरवार, सत्यनारायण पाटीदार, नाथू सिंह, महेश पाटीदार, गजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।

Related Post