डेस्क न्यूज
08 February, 2026
अन्य
नीमच। हिंगोरिया बालाजी से नीमच सिटी मठ मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर नीमच सिटी में एक और महत्वपूर्ण विकास कार्य की शुरुआत की गई। करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 2.55 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण से शहरवासियों को वैकल्पिक और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा यातायात दबाव में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। मीणा मोहल्ला, नीमच सिटी में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद सुधीर गुप्ता उपस्थित रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में निरंतर बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ परिसर में लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य, अफीम क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट, रेलवे विस्तार और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से क्षेत्र को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए भी लगातार ठोस कदम उठा रही हैं।
सांसद गुप्ता ने कांग्रेस शासन की तुलना में वर्तमान भाजपा सरकार के विकास कार्यों को अधिक व्यापक और परिणामकारी बताते हुए कहा कि भाजपा का फोकस केवल विकास और जनकल्याण पर केंद्रित है। उन्होंने विपक्ष और राहुल गांधी के संसद में आचरण पर भी तीखे प्रहार किए।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण, नालों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नीमच सिटी नाले के सौंदर्यीकरण के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और शीघ्र ही इसका कार्य धरातल पर नजर आएगा।
भूमिपूजन समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, महेंद्र सिंह भटनागर, आदित्य मालू, दारासिंह यादव, किरण शर्मा, राकेश किलोरिया, रामचंद्र धनगर, दुर्गाशंकर भील सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय बाफना ने किया।