डेस्क न्यूज
07 February, 2026
अन्य
नीमच | नीमच स्थित किलेश्वर मंदिर परिसर में कमल इलेक्ट्रिकल गोयल परिवार द्वारा श्रीराम दरबार की भव्य स्थापना श्रद्धा और आस्था के वातावरण में संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
श्रीराम दरबार स्थापना को लेकर मंदिर परिसर में विशेष हवन, पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन शनिवार को विधिविधान से हवन की पूर्णाहुति के साथ भव्य स्थापना समारोह संपन्न हुआ। धार्मिक मंत्रोच्चार और जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।
इस पावन आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में भक्तों ने श्रीराम दरबार के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। आयोजन के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और धार्मिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा गया।
गोयल परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय श्रद्धालुओं, समाजजनों एवं आयोजकों का सराहनीय योगदान रहा। श्रद्धालुओं ने श्रीराम दरबार की स्थापना को क्षेत्र के लिए आस्था और संस्कृति को सुदृढ़ करने वाला बताया।