ताजासमाचार

ना पानी, ना आंगनवाड़ी, ना श्मशान की सुविधा—बाछड़ा बस्ती की पीड़ा आई सामने | कलेक्टर को सोपा ज्ञापन 

न्यूज डेस्क 03 February, 2026 अन्य

नीमच। नीमच जिले के नेवड़ गांव स्थित बाछड़ा बस्ती में वर्षों से लंबित बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। समस्याओं से त्रस्त ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सामूहिक आवेदन सौंपा और तत्काल समाधान की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। पर्याप्त जलस्रोत और नियमित आपूर्ति के अभाव में लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है। गंदे पानी की निकासी के लिए पक्के नालों की व्यवस्था नहीं होने से जगह-जगह जलभराव और गंदगी फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

बाछड़ा बस्ती में आज तक आंगनवाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, सामूहिक शौचालय और बस प्रतीक्षालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी आंगनवाड़ी सुविधा के अभाव को लेकर ग्रामीणों में विशेष नाराजगी देखी गई।

ग्रामीणों ने श्मशान स्थल की बदहाली की ओर भी प्रशासन का ध्यान खींचा। श्मशान में न तो चबूतरा है और न ही शेड, जिससे अंतिम संस्कार के समय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश और तेज धूप में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

स्थिति तब और चिंताजनक हो जाती है जब बस्ती के समीप स्थित एक फैक्ट्री से निकलने वाला गंदा पानी बस्ती क्षेत्र में फैल रहा है। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और संक्रमण व बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इन समस्याओं को लेकर सरपंच को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पूर्व में दिए गए आवेदनों पर भी सुनवाई नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने इस बार सामूहिक हस्ताक्षरों के साथ कलेक्टर से सीधे हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर बाछड़ा बस्ती में सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Post