ताजासमाचार

नारकोटिक्स ब्यूरो पर निर्दोष किसानों को एनडीपीएस में फँसाने का आरोप, किसानों ने विधायक परिहार के नेतृत्व में किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

वसूली के उद्देश्य से किसानों को प्रताड़ित करने का आरोप

न्यूज डेस्क 14 May, 2025 अन्य

वसूली के उद्देश्य से किसानों को प्रताड़ित करने का आरोप, किसानों ने विधायक परिहार के नेतृत्व में किया प्रदर्शन, सैकड़ो किसानों ने सौंपा ज्ञापन

नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की कार्यवाही के खिलाफ आज जीरन क्षेत्र सहित दर्जनों गांवों के किसान सड़कों पर उतर आए। जीरन क्षेत्र के ग्राम चल्दू, मात्याखेडी, अरनिया बोराना, बांसखेडा, सकरानी और अन्य गांवों के किसानों ने केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि 5 किलो अफीम के एक मामले में अवैध वसूली के उद्देश्य से निर्दोष किसानों को भी फँसाने का षड्यन्त्र रचा जा रहा है।

किसानों ने केंद्रीय नारकोटिक्स कार्यालय नीमच पहुंचकर ज्ञापन सौंपा, जिसमें बताया गया कि झूठे आरोपों में कारवाई का डर दिखाकर उनका शोषण किया जा रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि तहसील जीरन के गाँव बरखेड़ा सौंधिया के एक कृषक मनोहर सिंह को 11 मई 2025 को नारकोटिक्स विभाग द्वारा 5 किलो अफीम के साथ पकड़ा गया। आरोप है की नारकोटिक्स विभाग द्वारा उस कारवाई के बहाने जीरन तहसील के कई अन्य निर्दोष किसानों के घर भी आरोपी को ले जाया जा रहा है और जानकारी जुटाने के बहाने कार्यालय बुलाया जा रहा है।

वसूली के उद्देश्य से प्रताड़ित करने का आरोप 

सरपंच संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह शकतावत ने बताया की 5 किलो अफीम मामले में नारकोटिक्स विभाग को पूरी जानकारी है की अफीम कहाँ से लाई गई और कहाँ डिलीवर की जानी थी। महेंद्र सिंह शकतावत ने कहा की जानकारी के बाद भी अवैध वसूली के उद्देश्य से दोषियों के साथ-साथ अन्य कई निर्दोष किसानों का नाम भी CBN द्वारा सूची में शामिल कर आरोपी को किसानों के घर ले जाया जा रहा है । जांच के बहाने किसानों के घर के वीडियो बनाए जा रहे हैं और दलालों के माध्यम से कारवाई का डर दिखा कर उन्हे कार्यालय बुलाया जा रहा है। किसानों ने संदेह जताया की 5 किलो अफीम के मामले में लगभग 63 किसानों से पुछताछ के बहाने अवैध वसूली की तैयारी की गई है।

केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के कार्यालय पर जुटे सेकड़ों किसानों ने नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और CBN की इस कारवाई के खिलाफ लामबंद हो आवाज उठाई। बाद में कुछ किसान प्रतिनिधियों के साथ विधायक दिलीप सिंह परिहार ने CBN के अधिकारियों से चर्चा की। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने नारकोटिक्स सुपरिटेंडेंट वी एस कुमार से चर्चा में पारदर्शिता और निष्पक्ष कारवाई करने के साथ-साथ निर्दोष किसानों को परेशान ना करने की हिदायत दी।  

विधायक दिलीप सिंह परिहार- सांसद सुधीर गुप्ता और उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करवा दिया गया है। अधिकारियों से कहा है की दलालों की सक्रियता और गलत कारवाईयों से केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की प्रतिष्ठा को भी आघात पहुंचता है। ऐसे में अनैतिक गतिविधीयों पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा की जब केंद्र और राज्य दोनों में किसान हितेषी सरकार है, किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

इसके पूर्व कई गांवों के किसान नीमच के दशहरा मैदान पर एकत्रित हुए। यहाँ से रेली के रूप में केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के कार्यालय पर पहुंचे। जहां धरना व प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता उमराव सिंह गुर्जर, रोशन वर्मा, हिम्मत सिंह चंद्रावत सहित सेकड़ों किसान उपस्थित थे।

 

यह भी पढ़ें- कॉलोनाइज़र द्वारा नाले पर किया गया अतिक्रमण, जल भराव पर सड़क पर खोदा नाला, रास्ते पर बनाई दीवार 

Related Post