न्यूज डेस्क
14 May, 2025
अन्य
कालोनाईजर द्वारा नाले पर किया अतिक्रमण, पानी भरने की दशा में सड़क पर खोद दिया नाला, एक रास्ते पर बना दी दीवार
नीमच। शहर में कालोनाईजर्स द्वारा मनमाने तरीके से नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ताजा मामला महू रोड स्थित उदय विहार कॉलोनी के पास का है, जहां आंजना एन्क्लेव एक्सटेंशन कॉलोनी द्वारा शासकीय नाले पर बाउंड्रीवॉल खड़ी कर दी गई है। रहवासियों का आरोप है की जब नाला बंद होने से पानी भरने की शिकायत हुई तो सड़क के हिस्से की जमीन पर मनमाफिक तरीके से नाला बनाया जा रहा है। इस वजह से करीब 1500 की आबादी जलनिकासी की गंभीर समस्या से जूझ रही है। आलम यह यही है की बरसात के दौरान कॉलोनी की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं।
प्रशासनिक अनदेखी और कॉलोनाइजर की मनमानी
रहवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कॉलोनाइज़र ने न सिर्फ शासकीय जमीन पर अवैध निर्माण किया, बल्कि सड़क, नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी कॉलोनीवासियों को वंचित कर दिया गया। वहीं कालोनी की तरफ से निकलने वाले कई रास्ते भी बंद कर दिए गए।
प्रशासन द्वारा जलनिकासी के नाम पर की गई खानापूर्ति भी विफल साबित हुई। नाले की जगह खुदाई कर सड़क को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, पाइप लाइन डाली गई लेकिन जल निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है।
संयुक्त टीम ने की थी शिकायत की पुष्टि, फिर भी कार्रवाई ठंडे बस्ते में
एसडीएम संजीव साहू के आदेश पर एक संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण कर शासकीय नाले और रास्तों पर अतिक्रमण की पुष्टि की थी। लेकिन हैरानी की बात है कि अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। रहवासियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और कॉलोनाइज़र की मिलीभगत के चलते अवैध नाला निर्माण और अतिक्रमण को संरक्षण मिल रहा है।
रिपोर्ट पर टिकी कार्रवाई की उम्मीद
एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि “अवैध निर्माण को लेकर शिकायत मिली थी। टीम गठित की गई है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रहवासियों की चेतावनी: जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
रहवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाता है तो वे आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेंगे। उनका साफ कहना है कि प्रशासन को अतिक्रमण हटाना चाहिए, जलनिकासी की व्यवस्था सुधारनी चाहिए और कॉलोनाइज़र पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
सीएमओ जमनालाल पाटीदार का कहना है कि कॉलोनाइजर को एक नोटिस दिया गया था जिसका अब तक कोई जवाब नहीं आया है। अंतिम नोटिस जारी कर अब आगे कार्रवाई की जाएगी।