ताजासमाचार

जनसुनवाई शिविर में पुलिस अधीक्षक ने सुनी आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

डेस्क न्यूज 27 January, 2026 अन्य

नीमच | जिला स्तरीय जन सुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा सीएम हेल्पलाइन की 22 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया, वहीं जन सुनवाई में आए लगभग 26 आवेदकों की शिकायतों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उमेश जोगा के निर्देशानुसार जोन के सभी जिलों में मंगलवार को जिला स्तरीय जन सुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं जन शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इसी क्रम में 27 जनवरी 2026 को नीमच जिले में यह शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान आवेदकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के समक्ष प्रस्तुत कीं। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों के माध्यम से त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए गए। शिविर में सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 22 शिकायतों का संतोषजनक समाधान कर उन्हें बंद कराया गया।
जन सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया गया। लगभग 26 फरियादियों द्वारा अपनी समस्याएं रखी गईं, जिन पर संबंधित थाना प्रभारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने उपस्थित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
जिला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकीता सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, संबंधित शाखाओं के अधिकारी तथा फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे।

Related Post