डेस्क न्यूज
14 January, 2026
प्रशासनिक
नीमच | शहरवासियों की सेहत से खुलेआम खिलवाड़ करने वालों पर नगर पालिका परिषद नीमच ने कड़ा प्रहार किया है। नाले के गंदे पानी से सब्जियों और फसलों की अवैध सिंचाई की शिकायत सामने आने के बाद नगर पालिका ने मौके पर पहुंचकर पांच विद्युत मोटर जप्त करते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में जलकल विभाग की टीम द्वारा की गई, जिससे अवैध सिंचाई करने वालों में हड़कंप मच गया।
शहर के अलग-अलग इलाकों में पकड़ी गई अवैध सिंचाई
बुधवार को सीएमओ दुर्गा बामनिया जलकल विभाग के
नाथूलाल नागर, कचरूलाल राठौर, मोहम्मद सलीम एवं अन्य कर्मचारियों के साथ निरीक्षण पर निकलीं।
निरीक्षण के दौरान—
महु रोड स्थित माधो पुरी बालाजी के पीछे, प्राइवेट बस स्टैंड के पास बहने वाले नाले से
खेतों में अवैध सिंचाई करते हुए दो विद्युत मोटर जप्त की गईं।
रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित मुक्तिधाम नाले से
सब्जियों में सिंचाई करते हुए एक विद्युत मोटर जप्त की गई।
शहाबुद्दीन बाबा रोड, सिटी पुलिया के पास नाले से अवैध सिंचाई करते हुए दो विद्युत मोटर जप्त की गईं।
इस तरह कुल पांच विद्युत मोटर जप्त कर अवैध सिंचाई को तत्काल रोका गया।
स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: सीएमओ
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि—
“कुछ व्यक्तियों द्वारा अनाधिकृत रूप से नाले के गंदे पानी से सब्जियों और फसलों की सिंचाई की जा रही थी।
शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई है।
जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख़्ती बरती जाएगी।