ताजासमाचार

शेख़ सैयद मुग़ल पठान कमेटी नीमच का भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह, 71 होनहारों का हुआ सम्मान

डेस्क न्यूज़ 12 January, 2026 अन्य

नीमच। शेख़ सैयद मुग़ल पठान कमेटी नीमच द्वारा रविवार 11 जनवरी को शहर के टाउन हॉल में एक दिवसीय प्रतिभा सम्मान समारोह एवं मोटिवेशनल सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों और युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना, साथ ही शिक्षा, स्वरोज़गार और सामाजिक उत्थान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। आयोजन में समाज के सभी वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्राप्त हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरएनटी कॉलेज कपासन के डायरेक्टर डॉ. वसीम खान रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में शिक्षा का महत्व अत्यंत बढ़ गया है और समाज को शिक्षा के क्षेत्र में अभी लंबा सफर तय करना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहें, बल्कि उद्यमिता और स्वरोज़गार की दिशा में आगे बढ़ें। डॉ. खान ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा स्वयं को इतना सक्षम बनाएं कि वे न सिर्फ़ स्वयं रोज़गार प्राप्त करें, बल्कि दूसरों को भी रोज़गार देने वाले बनें।

डॉ. वसीम खान ने युवाओं को नए स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि भारत संभावनाओं का देश है, जहां असीम अवसर मौजूद हैं। यदि युवा आधुनिक सोच, तकनीक और नवाचार को अपनाकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाएं, तो देश प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होती है।

कार्यक्रम के दौरान अशरफ शेख़, असलम पठान, जावेद शेख़ एवं शोएब खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की रीढ़ बताते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही एक मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

सम्मान समारोह में शिक्षा, खेल एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली लगभग 71 प्रतिभाओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच से सम्मान पाकर प्रतिभाओं के चेहरों पर आत्मविश्वास और उत्साह साफ झलक रहा था, वहीं उपस्थित समाजजनों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कमेटी के अध्यक्ष ज़ाहिद खान ने जानकारी देते हुए बताया कि शेख़ सैयद मुग़ल पठान कमेटी नीमच समाज के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और युवाओं को आगे बढ़ाने के ऐसे प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम का सफल संचालन अज़हर खान ने किया। अंत में अध्यक्ष ज़ाहिद खान ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ताहिर शेख़, फ़ज़ल रेहमान, एडवोकेट नौशाद खान, मज़हर कुरैशी, कांग्रेस नेता अनिल चौरसिया, हुसैन कारपेंटर, फ़िरोज़ पठान, इक़बाल पठान, मौलाना नियाज़ निज़ामी, डॉ. मेहमूद खान, हनीफ पठान, शरीफ पठान, अकबर पठान सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Related Post