ताजासमाचार

सुबह तड़के प्रशासन का एक्शन, खेत नंबर 38 से उदयलाल-विक्रम आंजना का कब्जा मुक्त

न्यूज डेस्क 09 January, 2026 प्रशासनिक

नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा जिले में शासकीय जमीनों के संरक्षण एवं उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्टर के निर्देशानुसार नगरपालिका नीमच, राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए नीमच शहर के डाक बंगला रोड पर लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने स्थित खेत नंबर 10 एवं बगीचा नंबर 38 की बहुमूल्य शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। उक्त भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर नगरपालिका नीमच के आधिपत्य में लेते हुए सूचना बोर्ड लगाया गया है। साथ ही भविष्य में अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से नगरपालिका द्वारा प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है।

शुक्रवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, नगरपालिका नीमच की सीएमओ दुर्गा बामनिया, सीएसपी नीमच, तहसीलदार संतोष कुमार एवं संजय मालवीय सहित राजस्व, नगरपालिका एवं पुलिस विभाग का अमला मौके पर मौजूद रहा।

तहसीलदार संजय मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि नीमच शहर में अतिक्रमण मुक्त कराई गई इस भूमि का उपयोग शहरहित में विभिन्न विकास कार्यों एवं परियोजनाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अतिक्रमण मुक्त कराई गई 4.9 हेक्टेयर भूमि शहर के मध्य प्राइम लोकेशन पर स्थित है, जिसका बाजार मूल्य लगभग 38 करोड़ रुपये आंका गया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 30 दिसंबर 2025 को भी जिला प्रशासन द्वारा राजस्व, नगरपालिका एवं पुलिस की संयुक्त टीम के माध्यम से नीमच शहर के विभिन्न 5 स्थानों से लगभग 42 करोड़ रुपये मूल्य की 6.05 हेक्टेयर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर नगरपालिका नीमच के आधिपत्य में लिया गया था।

Related Post