डेस्क न्यूज
06 January, 2026
अन्य
नीमच | नीमच के सर्राफा कारोबारी और सत्यम ज्वेलर्स के संचालक बहादुर सोनी की संदिग्ध मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। बीते कई दिनों से सत्यम ज्वेलर्स में निवेश करने वाले निवेशकों और ग्राहकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा था, वही आज नीमच पुलिस इस पुरे मामले में बड़ा एक्शन लिया है |
मंगलावर को नीमच केंट थाना पुलिस सत्यम ज्वेलर्स पहुंची और दुकान का ताला खोलकर जांच शुरू की। पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में निवेशक और पीड़ित मौके पर जमा हो गए, लेकिन पुलिस ने किसी भी व्यक्ति को दुकान के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी। न तो मीडिया को अंदर जाने दिया गया और न ही निवेशकों को। इसके बाद दुकान का ताला फिर से लगाकर बंद कमरे में कार्रवाई की जा रही है।
निवेशकों में आक्रोश --
आपको बता दे कि कई लोगों ने आभूषण बनवाने के लिए सत्यम ज्वेलर्स में सोना और चांदी जमा कर रखी थी, जबकि कई निवेशकों के पैसे और गहने बहादुर सोनी की अचानक हुई संदिग्ध मौत के बाद अधर में लटक गए हैं। इसको लेकर पीड़ितों ने पहले ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को शिकायतें सौंपी थीं।
बंद कमरे में कार्रवाई जारी --
आज हुई पुलिस कार्रवाई से निवेशकों को उम्मीद तो जगी है, लेकिन बंद कमरे में हो रही जांच को लेकर नाराजगी भी सामने आ रही है। निवेशकों का कहना है कि पूर्व में उच्च अधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया था कि जब भी दुकान खोली जाएगी, तब पुलिस, मीडिया और निवेशकों की उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद मौके पर न तो मीडिया को अंदर जाने दिया गया और न ही निवेशकों को जिससे उनमें आक्रोश देखने को मिला।
परिवार की मौजूदगी में जांच--
पुलिस द्वारा दुकान के भीतर रखी बिल बुक, बहीखाते और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं, बहादुर सोनी के परिवार के सदस्य दुकान का ताला खुलने और पुलिस कार्रवाई के दौरान दुकान के अंदर मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है, लेकिन मीडिया और निवेशकों से दूरी बनाए रखने को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।