ताजासमाचार

नीमच जिला चिकित्सालय में कायाकल्प योजना के तहत गहन निरीक्षण, सुधारों की सराहना और दिशा-निर्देश जारी

डेस्क न्यूज 05 January, 2026 अन्य

नीमच | सोमवार को नीमच जिला चिकित्सालय में कायाकल्प योजना के अंतर्गत गठित निरीक्षण टीम ने अस्पताल का विस्तृत आंतरिक और बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल में बनाई गई स्वच्छता व्यवस्था की सराहना की, वहीं कई स्थानों पर गाइडलाइन और प्रोटोकॉल के पालन में कमी पाई जाने पर संबंधित स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कायाकल्प टीम के सदस्य डॉ. सौरभ मंडवारिया ने बताया कि यह वर्ष 2026 का पहला निरीक्षण था। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी वे नीमच जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर चुके हैं और इस बार कर्मचारियों में कार्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है। पिछले निरीक्षण में कई कर्मचारी अपने दायित्वों से संबंधित सवालों के उत्तर देने में असमर्थ थे, लेकिन इस बार स्टाफ की जानकारी और कार्यशैली में स्पष्ट सुधार देखा गया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का जायजा लिया। इसमें मेटरनिटी वार्ड, सामान्य वार्ड, ओपीडी, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सकों की बैठक व्यवस्था, रेड क्रॉस ब्लड बैंक, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, हाउसकीपिंग व्यवस्था और अस्पताल प्रबंधन प्रणाली शामिल रहे। निरीक्षण के बाद तैयार की गई रिपोर्ट क्वालिटी सेल, भोपाल को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर जिला चिकित्सालय की कायाकल्प रैंकिंग तय होगी।

डॉ. मंडवारिया ने कहा कि निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में सुधार और सतर्कता की प्रक्रिया और तेज हुई है। इस मौके पर मंदसौर जिला चिकित्सालय से आए डॉ. दिनेश गर्ग, तथा नीमच जिला चिकित्सालय के डॉ. मनीष यादव, डॉ. महेंद्र पाटील, डॉ. निरुपमा झा और नर्सिंग स्टाफ मौजूद थे।


क्या है कायाकल्प योजना ? 
कायाकल्प योजना भारत सरकार की राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुविधा, सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। योजना के तहत अस्पतालों का मूल्यांकन कई मानकों पर किया जाता है, जैसे सफाई, वेस्ट मैनेजमेंट, इंफेक्शन कंट्रोल, मरीजों के लिए बुनियादी सुविधाएं, स्टाफ प्रशिक्षण और गाइडलाइन व प्रोटोकॉल का पालन। इन मानकों पर खरे उतरने वाले अस्पतालों को रैंकिंग और पुरस्कार दिए जाते हैं।

Related Post