ताजासमाचार

पूरे जोश और अकीदत के साथ शिया दाऊदी बोहरा समाज ने मनाया मौला अली की विलादत का जश्न

डेस्क न्यूज 03 January, 2026 अन्य

नीमच | शिया दाऊदी बोहरा समाज द्वारा हज़रत अली अलैहिस्सलाम ‘मुश्किल कुशा’ की विलादत का मुबारक अवसर नीमच में पूरे जोश, अकीदत और शान-ओ-शौकत के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सैफी मोहल्ला स्थित मुबारका कॉम्प्लेक्स रोशनी, उल्लास और खुशियों से जगमगा उठा। जैसे ही आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी हुई, पूरा क्षेत्र “या अली” के नारों से गूंज उठा और माहौल पूरी तरह जश्न में डूब गया।
इस खास मौके पर इज़ी बैंड की जोशीली और धमाकेदार धुनों ने समां बांध दिया, जिससे समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान आमिल साहब जनाब मुर्तज़ा भाई ने मौला अली अलैहिस्सलाम की विलादत की खुशी में केक काटकर सभी को मुबारकबाद दी और समाजजनों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

हिजरी कैलेंडर के अनुसार 13, 14 और 15 रजब को दाऊदी बोहरा समाज द्वारा मजलिस, नियाज़ और विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। इस दौरान देश-दुनिया में अमन, भाईचारा, आपसी सौहार्द और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं की गईं। साथ ही दाऊदी बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना भी की गई।

कार्यक्रम में अंजुमन-ए-हुसामी के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, पुरुष एवं बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हुए। बच्चों को चॉकलेट वितरित कर खुशियां बांटी गईं, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान माहौल अकीदत, एकता और उत्साह से ओतप्रोत नजर आया।

Related Post