न्यूज डेस्क
06 May, 2025
प्रशासनिक
नीमच . अब सुशासन सिर्फ फाइलों में नहीं, गांव की गलियों में नजर आएगा। नीमच जिले में प्रशासनिक पहियों ने रफ्तार पकड़ ली है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सुशासन और योजनाओं की जमीनी पड़ताल के लिए खुद मोर्चा संभाल लिया है। मंगलवार शाम को को उन्होंने जावद अस्पताल परिसर और क्षेत्रीय विभागों के ग्राम स्तरीय अमले से वन-टू-वन संवाद कर उनकी जिम्मेदारी तय की।
कलेक्टर ने साफ किया – अब कोई योजना अधूरी नहीं रहेगी, कोई लाभार्थी छूटेगा नहीं। समग्र ई-केवायसी, प्रधानमंत्री आवास, जल संरचना, कुएं-बावड़ियों की सफाई, पौधारोपण की तैयारी – हर मोर्चे पर सख्त निगरानी के संकेत दे दिए गए हैं। साथ ही तालाबों से मिट्टी निकालने जैसे परंपरागत उपायों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।फाइलों से निकलकर अब योजना गांव के चबूतरे तक पहुंचेगी,” कलेक्टर ने कहा। उन्होंने पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम से लेकर पटवारियों तक सभी को अलर्ट किया – “अब सिर्फ काम चलेगा, बहाने नहीं।”
बैठक में यह भी तय हुआ कि हर गांव में 7 दिवसीय स्वच्छता अभियान चलेगा, तालाबों की गहराई बढ़ेगी, आंगनवाड़ी में बच्चों को तय समय पर भोजन और टीकाकरण मिलेगा, और हर पात्र को उसका हक समय पर मिलेगा।इस अनोखी पहल में कलेक्टर ने अफसरों को सिर्फ आदेश नहीं दिए, बल्कि संवाद के जरिए भरोसा भी बढ़ाया।