ताजासमाचार

करोड़ों की बेशकीमती शासकीय जमीन पर चला बुलडोजर ! अवैध ईंट भट्टे जमींदोज, बड़ी संख्या में प्रशासनिक अमला मौजूद

डेस्क न्यूज 26 December, 2025 अन्य

नीमच। शहर में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने अब आर-पार का रुख अपनाते हुए बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। स्कीम नंबर 36-ए के पीछे स्थित सर्वे नंबर 23 व 24 की कीमती शासकीय भूमि पर लंबे समय से चल रहे अवैध ईंट भट्टों को प्रशासन ने जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया। वर्षों से कब्जे में पड़ी करीब 1 हेक्टेयर 20 आरी जमीन को मुक्त करवाया गया है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 करोड़ रुपये बताई जा रही है | 

पहले दिया नोटिस - फिर चला बुलडोजर 
प्रशासन को इन अवैध ईंट भट्टों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कब्जाधारियों को पहले नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन जब तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बुधवार सुबह बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। मौके पर भारी प्रशासनिक अमला मौजूद रहा और पूरे क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान हड़कंप मच गया।

लम्बे समय से मिल रही थी शिकायते
एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि रामप्रसाद ग्वाला उर्फ कल्ला द्वारा उक्त शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर ईंट भट्टों का संचालन किया जा रहा था। इस मामले में वर्ष 2025 में ही बेदखली के आदेश पारित किए जा चुके थे तथा सात दिन पूर्व अंतिम नोटिस भी दिया गया था। निर्धारित समय सीमा में कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते कार्यवाही को अंजाम दिया | 

धुएं से परेशान शहरवासियों के लिए बड़ी राहत
नीमच के स्कीम नंबर 36-ए के पीछे चल रहे अवैध ईंट भट्टों से पूरे इलाके में घना धुआं फैल रहा था, जिससे रहवासी परेशान थे। इन भट्टों से निकलने वाला धुआं शहर की फिजा में घुलकर लोगों के सांस लेने और जनजीवन को प्रभावित कर रहा था। अब प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई के बाद यह गंभीर समस्या खत्म होने की उम्मीद है।


कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अजेंद्र नाथ प्रजापति, नायब तहसीलदार संजय मालवीय, घनश्याम पांडे, पंकज श्रीवास्तव, सुरेश पाठक सहित नगर पालिका का अमला एवं प्रशासनिक बल मौजूद रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

प्रशासन ने दो टूक चेतावनी दी है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर अभियान जारी रहेगा। जिले में किसी भी स्तर पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Post