ताजासमाचार

चौपड़ा चौराहे पर यातायात पुलिस का शिकंजा, 15 नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए

न्यूज डेस्क 25 December, 2025 प्रशासनिक

नीमच। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नीमच यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान चौपड़ा चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान 15 नाबालिग वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते हुए वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

यह अभियान यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगुर्जर के नेतृत्व में दिनांक 25 दिसंबर को चलाया गया।
यातायात पुलिस ने न केवल नाबालिग चालकों पर कार्रवाई की, बल्कि उनके अभिभावकों को भी मौके पर समझाइश दी गई कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर अभिभावकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस का कहना है कि नाबालिगों में न तो पर्याप्त समझ होती है और न ही वे सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्णय लेने में सक्षम होते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना अभिभावकों की जिम्मेदारी है।
यातायात पुलिस ने सभी माता-पिता से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल या अन्य वाहन न दें और स्वयं भी यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें तथा वाहन के सभी दस्तावेज पूर्ण रखें।

Related Post