ताजासमाचार

ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन: शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग

न्यूज डेस्क 06 May, 2025 प्रशासनिक

नीमच (डसानी) ग्राम डसानी के ग्रामीणों ने सोमवार को बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर विरोध जताया और कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गाँव के आसपास स्थित गोचर भूमि, खेल मैदान और अन्य शासकीय भूमि पर कुछ दबंग भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त शासकीय भूमि पर पंचायत और ग्रामीणों के सहयोग से वर्षों पहले वृक्षारोपण किया गया था, जिससे अब बड़े-बड़े हरे-भरे वृक्ष बन चुके थे। लेकिन अतिक्रमण की नीयत से इन वृक्षों को जेसीबी मशीन से नष्ट कर दिया गया।

पूर्व में भी की गई थी शिकायत, अब तक नहीं हुई कार्यवाही

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले भी संबंधित अधिकारियों को अवैध कब्जे के संबंध में शिकायत दी थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई, जिससे भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हो गए हैं।

विवादित भूमि पर मृतक नामांतरण का आरोप

ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 1967 में ग्रामवासियों द्वारा गोचर भूमि हेतु एक भूखंड का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन रिकॉर्ड में त्रुटि के चलते विक्रेता का नाम नहीं हट पाया। बाद में विक्रेता की मृत्यु के पश्चात मृतक नामांतरण के आधार पर उक्त भूमि को राजकुमार गुर्जर के नाम पर रजिस्टर्ड करवा लिया गया। ग्रामीणों ने 4 अगस्त 2023 को इस पर आपत्ति भी दर्ज करवाई थी, लेकिन फिर भी राजस्व अधिकारियों से मिलीभगत कर नामांतरण करवा लिया गया।

कुएं पर कब्जे का प्रयास और धमकी के आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भूमाफिया अब गांव के एकमात्र सरकारी कुएं पर भी कब्जा करना चाहता है, जो वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में रहा है। आरोप है कि अब कुएं से पानी भरने से मना किया जा रहा है और जानवरों के पानी पीने की व्यवस्था को भी नुकसान पहुँचाया जा रहा है।

गांव का संपर्क मार्ग भी किया बंद

अंत में ग्रामीणों ने बताया कि शासकीय भूमि से गुजरने वाले खेतों के रास्ते भी जेसीबी चलाकर बंद कर दिए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कत हो रही है।

कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि हरे-भरे पेड़ों को नष्ट करने वाले भूमाफियाओं पर तत्काल दंडात्मक कार्यवाही की जाए और शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाया जाए।

Related Post